रांची
झारखंड के दुकानदार अब अपने प्रतिष्ठानों पर “हम स्वदेशी सामग्री बेचते हैं” का बोर्ड लगाएंगे। यह निर्णय फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से रविवार को चैम्बर भवन में आयोजित बैठक के दौरान लिया गया। बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर भारत की ओर तेजी से बढ़ रहा है और 'लोकल फॉर वोकल' का संकल्प अब ज़मीन पर उतर रहा है। छोटे व्यवसायी यदि अपने दुकानों पर इस तरह का बोर्ड लगाएं तो यह अभियान और सशक्त होगा।

राज्यमंत्री ने झारखंड चैंबर के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह देश का पहला चैंबर है, जिसने आत्मनिर्भर भारत के लिए ऐसा ठोस कदम उठाया है। चैंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी ने जानकारी दी कि 27 अगस्त से झारखंड भर के व्यापारी “हम स्वदेशी सामग्री बेचते हैं” बोर्ड लगाना शुरू करेंगे, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत पहल साबित होगी।
महासचिव आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि व्यापारी वर्ग आत्मनिर्भर भारत का आधार है और चैंबर इस अभियान को हर स्तर पर आगे बढ़ाएगा। यह कदम न केवल छोटे कारोबारियों को मज़बूती देगा, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा देगा। उन्होंने बताया कि चैंबर की ओर से कार्यकारिणी सदस्य राम बांगड़ इस अभियान में मुख्य भूमिका निभाएंगे।
पूर्व अध्यक्ष महेश पोद्दार ने कहा कि देश आज रक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आत्मनिर्भरता की दिशा में तेज़ी से बढ़ रहा है। उन्होंने व्यापारियों से स्वदेशी का संकल्प लेने की अपील की और कहा कि जीएसटी दरों में हालिया कमी से व्यापारियों और उपभोक्ताओं दोनों को लाभ मिलेगा।
.jpg)
राज्यमंत्री संजय सेठ ने यह भी घोषणा की कि 27 अगस्त को वे स्वयं स्टिकर लॉन्च कर दुकानदारों के साथ प्रतिष्ठानों में जाकर स्टिकर लगाएंगे और उन्हें स्वदेशी के लिए प्रोत्साहित करेंगे। चैंबर के सह सचिव विकास विजयवर्गीय ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत में व्यापारी वर्ग की भूमिका अहम है और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर राज्य की अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा मिलेगी।
प्रेस वार्ता में चैंबर के अध्यक्ष परेश गट्टानी, महासचिव आदित्य मल्होत्रा, सह सचिव विकास विजयवर्गीय, पूर्व अध्यक्ष आर.के. सरावगी, महेश पोद्दार, पवन शर्मा, कुणाल अजमानी, राम बांगड़, रोहित पोद्दार, मुकेश अग्रवाल, शैलेश अग्रवाल, अमित शर्मा, आर.के. गरोडिया, किशन अग्रवाल, कुणाल विजयवर्गीय, सुनील गुप्ता, प्रमोद सारस्वत और अरुण जोशी मौजूद थे।
